
मानवाधिकार आयोग से प्राप्त परिवादों को प्राथमिकता के तौर पर निष्पादित करने का निर्देश दिया जिलाधिकारी ने। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिला पदाधिकारी डॉ0 चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अम्बेदकर सभागार में आहूत की गई. बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित ए0सी0/डी0सी0 विपत्रों की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार के स्तर पर लंबित ए0सी0/डी0सी0 विपत्रों की गहन समीक्षा की जा रही है. प्राथमिकता सूची में इसे सर्वोपरि रखते हुए अधिकतम 02 सप्ताह के अन्दर सभी लंबित मामलों का निष्पादन कर लेने का सख्त निदेश दिया गया. एक-एक करके सभी लंबित ए0सी0/डी0सी0 विपत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय प्रधान को चेतावनी देते हुए अविलम्ब मामलों को निष्पादित करने का निदेश दिया गया। लोक शिकायत निवारण कार्यालयों की समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में 05 ऐसे लोक प्राधिकारों को चिन्ह्ति करने का निर्देश दिया गया जिससे अधिकतम अवहेलना की शिकायत प्राप्त होती है. लंबित जन शिकायत मामलों पर जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाते हुए मामलों को अविलम्ब निष्पादित करने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मानवाधिकार आयोग से प्राप्त परिवाद पत्रों को प्राथमिकता के तौर पर निष्पादित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त विवेकानन्द झा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी नेसार अहमद, अनुमण्डलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारीगण, विशेष कार्य पदाधिकारी-सह- वरीय उप समार्हता रवीन्द्र कुमार दिवाकर, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार व अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे.

