
महज 15 दिनों में दरभंगा के जन धन खातों में जमा हो गए पांच सौ करोड़! Voice of Darbhanga

दरभंगा (स0सू0): नोटबंदी से जारी अफरातफरी के बीच प्रधानमंत्री जन-धन योजना के खातेदारों की कुछ दिनों तक चांदी रही। शून्य से खुले खाता में महज एक पखवाड़ा में लाखों की राशि आ गई। हर घर का बैंक खाता हो, इसे साकार करने के लिए खाता से वंचित परिवारों को बैंक से जोड़ा गया। पूरे जिले में इस योजना के तहत पांच लाख 84 हजार खाते खोल दिए गए। उस समय लगभग खाता शून्य राशि पर खोला गया। अचानक आई राशि पर मंथन शुरू हो गया है। लोग अपनी अवैध कमाई को ठिकाना लगाने के लिए इन खातेदारों की मदद ली अथवा खातेदार के पास स्वयं अपनी राशि थी। इसकी तहकीकात की जा रही है। इन खातों की खबर ली जा रही है। बंदी के दौरान महज एक पखवाड़ा के भीतर जिले में विभिन्न बैंकों के जन-धन खाता में 496 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। मालूम हो कि 24 नवंबर के बाद से इस खाता में हजार व पांच सौ रुपये के नोट जमा किए जाने पर रोक के बाद जमा की रफ्तार ठहर गई। अब इन खातों पर नजर रखी जा रही है। खासकर जिन खातों में अप्रत्याशित रूप से रुपयों की बाढ़ आ गई है, उसपर विशेष नजर है। बैंक सूत्रों की मानें तो नोटबंदी के बाद 24 नवंबर तक जमा राशि के आधार पर तीन हजार से अधिक खातों की पड़ताल भी की जा चुकी है। वैसे जिले में कोई भी खाताधारक करोड़पति नहीं बने हैं, लेकिन लाखपतियों की तादाद काफी बढ़ी है। सूत्रों की मानें तो इसके 70 हजार खातों पर नजर रखी जा रही है। उधर, प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत खोले गए खाता से निकासी के नियम ने भी जमा की रफ्तार को रोक दी है। हालांकि, जिन खातों में नियमित रूप से जमा व निकासी होती रही है, उन्हें अभी परेशानी नहीं है। इस बाबत पूछने पर अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक जीएन चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार व रिजर्व बैंक के निर्देश के आलोक में इस योजना के तहत जमा राशि की निकासी की जाएगी।

