
बड़गांव में शराबी बदमाशों ने पिस्टल लहराई, ग्रामीणों को गोली मारने की धमकी।
दरभंगा: बड़गांव थाना क्षेत्र के मन सारा गांव में रविवार शाम करीब चार बजे गोल चक्कर के पास अफरा-तफरी मच गई। शराब के नशे में धुत असामाजिक तत्वों ने पिस्टल लहराते हुए ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दे दी।

पीड़ित अब्दुल हन्नान (पिता- मो. हाफिज मनसूर) ने बताया कि वे मो. अख्तर, मेहदी हसन, मो. आफताब, रहमत आलम, मदन पासवान सहित ग्रामीणों के साथ बातचीत कर रहे थे। तभी हसमत अली, मो. निजाम व आलम दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दिया। हसमत अली ने हाथ में पिस्टल लहराते हुए खुलेआम धमकी दी, जबकि उसके साथी हमला करने को दौड़े।स्थिति बिगड़ते ही ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। बीच-बचाव करने आए मो. अख्तर को भी दौड़ाया गया। ग्रामीणों ने आरोपियों की एक बाइक जब्त कर ली, जिसे पुलिस को सौंप दिया। आरोपी पिस्टल लहराते फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले भी सोशल मीडिया पर हथियारों की तस्वीरें पोस्ट करते रहे हैं, जिससे गांव में भय का माहौल है।पीड़ित ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। बड़गांव थानाध्यक्ष विनिता कुमारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।


