
ईंट चोरी के विवाद में बुजुर्ग की लोहे की रॉड से हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार।
दरभंगा: जमालपुर थाना क्षेत्र के झगरुआ गांव में रविवार को 65 वर्षीय बुजुर्ग अब्दुल सलाम की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद इलाके में तनाव फैल गया, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में है। डीआईजी, एसएसपी, डीएम और एसडीपीओ सहित भारी पुलिस बल तैनात है, जबकि गांव में पुलिस कैंप धरना दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मनीष कुमार राम के घर से ईंट चोरी हो गई थी। इस पर मनीष की मां विमला देवी गाली-गलौज कर रही थीं। तभी वहां से गुजर रहे अब्दुल सलाम ने जातीय टिप्पणी और गाली पर आपत्ति जताई। गुस्साए आरोपियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वे मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें किरतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। डीएम कौशल किशोर, एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी, डीआईजी मनोज तिवारी और बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी घटनास्थल पर पहुंचे। पीड़ित परिवार को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि मनीष कुमार राम, उनके भाई रौशन कुमार राम और विमला देवी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दो की तलाश में छापेमारी जारी है।डीआईजी मनोज तिवारी ने कहा कि मामला शांत है, अफवाहों पर ध्यान न दें। अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन सांप्रदायिक माहौल बिगड़ने से रोकने के लिए सतर्क है।

