
दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार के सवार लापता! Voice of Darbhanga

दरभंगा (सं0 सू0): कमतौल पथ एस एच 75 में गोपालपुर गुमती के समीप गुरूवार को सड़क किनारे बीस फीट गहरे गड्ढे में एक इनोवा बी आर 06 पी सी/9666 पलटी खाई पाई गई ।
गाड़ी कहां की है? गाड़ी में कौन लोग सवार थे? सवार की स्थिति क्या है? सवार कहां गए? ये सब बातें फिलहाल पहेली बनी हुई है। सूचना मिलते ही कमतौल थानाध्यक्ष राजकुमार राय ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा के पास चौकीदार की तैनाती लगा इनोवा व सवारों का पता लगाना जारी कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा कयास लगाया जा रहा है कि इनोवा बीते रात तेज गति से दरभंगा की ओर से आ रही होगी ,बीते रात छाए घने कोहरे के कारण चालक का संतुलन इनोवा पर बिगड़ गया होगा, जिसके चलते इनोवा सड़क किनारे लगे तीन शीशम के पेड़ को तोड़ते हुए गहरे गड्ढे में पटखनी खाती चली गई है। सवार निश्चित ही गंभीर रूप से जख्मी हो गए होंगे, कारण गाड़ी के शीशे पर खून के दाग पाये गए है। शायद पीछे भी इनकी कोई गाडी आ रही होगी, जो की घटना की घटित होती देख आनन फानन में गाड़ी को छोड़ जख्मियों को उपचार हेतु अस्पताल ले भागे होंगे। पुलिस छानबीन कर रही है।

