
कब्जाधारी अधिकारी 9 सितम्बर तक खाली करे अतिथिगृह:- कुलपति।

दरभंगा : कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीलिमा सिन्हा ने अतिथि गृह खाली कराने को लेकर लिए गए सिंडीकेट के निर्णय के मामले में काफी संवेदनशील हैं. विश्वविद्यालय परिसर सुरक्षा समिति की शनिवार को आयोजित बैठक के दौरान कुलपति ने स्पष्ट कहा कि आगामी 9 सितम्बर तक सभी पदाधिकारी गेस्ट हाउस को खाली कर दें. अन्यथा किसी भी स्थिति में इसे सिण्डीकेट के निर्णय की अवमानना मानी जायेगी. संबंधित पदाधिकारियों को इस आलोक में एक स्मार पत्र भी देने का निर्णय लिया गया. उक्त जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के पीआरओ निशिकांत प्रसाद सिंह ने बताया कि बहुत दिनों से सरकार ने आउटसोर्सिंग मद में राशि नहीं दी है और इस कारण विश्वविद्यालय के कार्यों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इसलिए सरकार से इस मद में समुचित राशि की मांग के लिए प्रस्ताव भेजा जायेगा. वहीं दूसरी ओर कुलपति के निजी सचिव, छात्रावासों व कुलपति आवास के लिये रसोइया व चतुर्थ वर्गीय कर्मियों के अलावा केयर टेकर के साथ-साथ वार्ड सर्वेन्ट के पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा जायेगा. इस पदों के स्वीकृत नहीं रहने के कारण परेशानी हो रही है. बैठक में एक अहम निर्णय यह भी लिया गया कि अब संशोधित रूप में गेस्ट हाउस व आवास से संबंधित एक समेकित नियमावली तैयार करने के लिए तीन सदस्यों वाली कमेटी गठित की जायेगी. यानि कि यह कमेटी अथिति गृह व आवास के आवंटन व इसके रख रखाव समेत अन्य बिन्दुओं पर एक तरह से गाइड लाइन तैयार करेगी. इस कमेटी के संयोजक भू सम्पदा पदाधिकारी होंगे और डॉ. श्रीपति त्रिपाठी व डॉ. चौठी सदाय एवं अन्य सदस्य शामिल किये गए हैं. इसके अलावा विश्वविद्यालय मुख्यालय के ठीक पीछे के सुखी दिग्घी तालाब की बंदोबस्ती जल्द कराने का फैसला लिया गया. वहीं दीवानीतकिया की खाली पड़ी जमीन की नापी भी करायी जायेगी. बैठक की अध्यक्षता कुलपति ने की एवं डॉ. सुरेश्वर झा, डॉ. चौठी सदाय, डॉ. उमेश झा व डॉ. अवधेश चौधरी मुख्य रूप से बैठक में उपस्थित थे.

