
भूमि विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या। Voice of Darbhanga

बिरौल: बिरौल थाने के कहुआ जगदीशपुर गांव के राम कमल यादव (55) की शनिवार की शाम 4 बजे भूमि विवाद में पीट पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी चल रही है। पुलिस के मुताबिक एक पक्ष के रामकमल यादव एवं दूसरे पक्ष विदेश्वर यादव व शिव यादव के बीच भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। रामकमल के परिजन का कहना था कि शिव यादव ने उनके मकान बनी जमीन को विदेश्वर यादव को रजिस्ट्री कर दी। ये लोग जमीन खाली करने को दबाव दे रहे थे। सभी आपस में चचेरे भाई हैँ। शनिवार की शाम इसको लेकर महिलाओं के बीच लड़ाई शुरू हुई। दूसरे पक्ष के शिव यादव के पुत्र लक्ष्मण यादव,नेनाई यादव के पुत्र शिव यादव,रघुनंदन यादव के पुत्र महेश्वर यादव,रघुनंदन यादव के पुत्र अशेश्वर यादव,रघुनंदन यादव के पुत्र विदेश्वर यादव,बादैर यादव और ¨वदा देवी ने राम कमल यादव के घर की महिलाओं पर हमला बोल दिया। राम कमल मवेशियों के चारा के लिए खेत गए हुए थे। हमलावरों ने महिलाओं के साथ मारपीट करने के बाद खेत जाकर राम कमल यादव पर लाठी, डंडे और तेज हथियार से हमला कर दिया। घटनास्थल पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन श्याम यादव,देवनारयण यादव आदि ने शव को टेंपो से थाने पर ले गया। वे लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। परिजनों के दबाव पर पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई। थानाध्यक्ष जितेन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

