Home Featured दरभंगा में हुई लूट को लेकर STF का बड़ा एक्शन, बेगूसराय में संदिग्ध अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़।
Featured - मुख्य - 5 hours ago

दरभंगा में हुई लूट को लेकर STF का बड़ा एक्शन, बेगूसराय में संदिग्ध अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़।

कई राउंड हुई फायरिंग

दरभंगा: शुक्रवार को दरभंगा में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से हुई ढाई करोड़ के गहने एवं नगद की लूट की घटना को लेकर पुलिस द्वारा बड़ा एक्शन लिया गया है। अपराधियो का सुराग मिलते ही बेगूसराय में एसटीएफ द्वारा घेराबंदी की गयी। अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कारवाई में एसटीएफ ने भी फायरिंग की। इस फायरिंग में एक।अपराधी को गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा 6 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायण चौक के समीप उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सादे वर्दी में मौजूद एसटीएफ के जवानों और अपराधियों के बीच अचानक मुठभेड़ शुरू हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

Advertisement

स्थानीय लोगों के अनुसार, नारायण चौक स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर कुछ अपराधी चाय-नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका पीछा कर रही एसटीएफ की टीम भी सादे वर्दी में वहां पहुंची और सामान्य ग्राहक की तरह ऑर्डर दिया। लेकिन अपराधियों को शक हो गया और वे मौके से भागने लगे।

Advertisement

भागते समय अपराधी पास के मकई के खेत में घुस गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ के जवानों ने भी गोली चलाई। इस दौरान एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जिसकी पहचान बलिया थाना क्षेत्र के गोखले नगर निवासी मंगल कुमार के रूप में हुई है। घायल का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। मौके से भारी मात्रा में हथियार, एक बाइक और लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं।

Advertisement

घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिसमें एक चाऊमीन दुकानदार भी शामिल है। पुलिस लूट की रकम और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मुठभेड़ के दौरान मीडिया कर्मियों को घटनास्थल से दूर रखा गया। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Share