
नालंदा में हुए महिला छेड़छाड़ के विरोध में मार्च, गिरफ्तारी की मांग।
दरभंगा: नालंदा के नूरसराय में दिनदहाड़े महिला के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म की कोशिश के विरोध में भाकपा (माले) व ऐपवा की दरभंगा जिला कमेटियों ने सोमवार को लहेरियासराय में विरोध मार्च निकाला।

पोलो मैदान से शुरू हुआ मार्च कमिश्नरी व कलेक्ट्रेट होते हुए लहेरियासराय टॉवर पहुंचा, जहां सभा में तब्दील हो गया। कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।

सभा को संबोधित करते भाकपा (माले) जिला स्थायी समिति सदस्य अशोक पासवान ने नूरसराय घटना को राज्य सरकार के लिए ‘काला धब्बा’ बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और महिलाओं पर अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार कर रही हैं।
ऐपवा जिला सचिव शनिचरी देवी ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोपियों की फौरी गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल व कड़ी सजा, साथ ही पीड़िता व परिवार की सुरक्षा की मांग की। ऐपवा अध्यक्ष साधना शर्मा व शिला देवी ने भी महिलाओं पर अपराध रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

मार्च में भाकपा (माले) राज्य कमिटी सदस्य अभिषेक कुमार, धर्मेश यादव, रूबी खातून, आशा देवी, पानवटी देवी, सुकनी देवी, विनोद पासवान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई न हुई तो आंदोलन तेज होगा।

