
मिथिला विश्वविद्यालय में टल गया टकराव, सफल हुआ छात्रों का आंदोलन।

दरभंगा।अभिषेक कुमार
ललित नारायण मिथिला विश्विद्यालय आज छात्र आंदोलन को लेकर पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील नजर आ रहा था। छात्र संगठनों के संयुक्त आह्वान पर आज पार्ट-3 के रिजल्ट में गड़बड़ी की उच्चस्तरीय जांच सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन हुआ जिसमे सैकड़ो की संख्या में छात्र जुटे। प्रशासन की तरफ से भी एहतियातन भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलपति प्रो0 साकेत कुशवाहा ने छात्रों के प्रतिनिधि मंडल को वार्ता के लिए बुलाया। छात्र नेताओं ने बताया कि कुलपति ने अधिकांश मांगो पर अपनी सहमति जताई जिसके बाद आंदोलन खत्म करने का निर्णय लिया गया।

वामपंथी छात्र संगठनों के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन को छात्र राजद एवं एनएसयूआई ने भी अपना समर्थन दिया था। आंदोलन की अगुआई आइसा के जिला सचिव संदीप कुमार चौधरी , NSUI के जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ,SFI के जिला संयोजक मुकुल राज , AISF के राज्य सह सचिव मृत्युजंय मृणाल , AISA के सुधीर रंजन चौधरी, AIIDSO के लाल जी, छात्र राजद के प्रवीण प्रशांत सहित कई छात्र नेता कर रहे थे।

