
दूधमुंहे बेटे की मां ने फंदे से लटक कर दी जान, सुसाइड नोट में ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप।
दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के लक्ष्मीसागर मुहल्ले में एक दुधमुंहे बच्चे की मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका अनिशा कुमारी (की पहचान अनिशा देवी के रूप में) समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी की रहने वाली थीं। उनके कपड़ों से मिले सुसाइड नोट में पति राजन कुमार, सास रंजाना सिंह और ससुर चंद्र प्रकाश सिंह को मौत का जिम्मेदार ठहराया गया है।

नोट में अनिशा ने लिखा कि ससुराल वाले लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे, रोज मारपीट करते और 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। उन्होंने कहा, “कहीं से भी पैसा लाकर दो।” नोट में मानसिक-शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों का जिक्र है। नोट पर मृतका के हस्ताक्षर और तारीख मौजूद हैं।

पुलिस ने इसे जब्त कर जांच तेज कर दी है।नवंबर 2021 में अनिशा की शादी राजन सिंह से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं- ढाई साल की बेटी और महज 12 दिन पहले जन्मा बेटा। घटना के बाद पति राजन, ससुर चंद्र प्रकाश और अन्य पुरुष सदस्य फरार हैं। मृतका के माता-पिता समस्तीपुर से पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
मृतका के पिता, पूर्व फौजी विजय चौधरी ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि शादी में 18 लाख रुपये दहेज दिए थे। पहले भी मारपीट की घटनाएं हुईं, पुलिस को बुलाया गया था, लेकिन समझौते से मामला शांत हो गया। बीती रात अनिशा ने जीजा समेत रिश्तेदारों को फोन कर कहा था, “आज मुझे मार दिया जाएगा, बचा लो।”पुलिस ने मौके पर जांच की, लेकिन कैमरे पर कुछ नहीं कहा। बंद कमरे में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा। परिजनों की लिखित शिकायत पर गहन जांच होगी। मामला दहेज हत्या का बन सकता है।


