
मुंशी हरिशंकर शर्मा हत्याकांड: पांच आरोपी गिरफ्तार, एक पिस्टल, दो मैगजीन एवं तीन कारतूस बरामद।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र के कोटपट्टी गांव में जमानत के पैसे के लेन-देन को लेकर मुंशी हरिशंकर शर्मा की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआईटी मोड़ के पास किराये के मकान में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार गर्ग उर्फ आजाद ठाकुर, उसके पिता श्यामकिशोर ठाकुर, विभा देवी सहित अन्य बदमाश गिरफ्तारी के डर से डब्ल्यूआईटी मोड़ के किराये के मकान में छिपे हैं। सूचना पर पुलिस ने मकान मालिक अभिमन्यु कुमार के घर को घेराबंदी कर सभी को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक कुमार गर्ग उर्फ आजाद ठाकुर (रधौली, विस्फी), श्यामकिशोर ठाकुर (रधौली, विस्फी), विमा देवी (पत्नी श्यामकिशोर, रधौली, विस्फी), नंदन कुमार उपाध्याय (ढढ़िया, कमतौल) और विकास कुमार ठाकुर (रतनपुर, कमतौल) शामिल हैं। छापेमारी में एक पिस्टल, दो मैगजीन, तीन कारतूस, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन (चार स्मार्टफोन, एक कीपैड) बरामद किए गए।

एसडीपीओ कमतौल एसके सुमन ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को बिजली कचहरी में वकील के मुंशी हरिशंकर शर्मा को 12 गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। विवाद जमानत के पैसे को लेकर अभिषेक उर्फ आजाद ठाकुर से हुआ, जिसके पास पहले से 15-20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने अपराध के लिए संगठित गिरोह तैयार किया था। जांच में पहले चार नामजद थे, लेकिन अन्य की संलिप्तता भी सामने आई। अब तक 80 प्रतिशत जांच पूरी हो चुकी है। दो आरोपी अभी फरार हैं, उनकी तलाश जारी है।


