
नोटबंदी पर बोला दरभंगा:- परेशानी जरूर है पर कदम सही। Voice of Darbhanga

दरभंगा। नोटबंदी के बाद दरभंगा में लोग परेशान तो हैं लेकिन दरभंगा के ज्यादातर लोगों ने पीएम की सराहना करते हुए इस फैसले को सही ठहराया है। वॉइस ऑफ़ दरभंगा की टीम ने अलग अलग पेशे से जुड़े लोगो से बात की तो 90% लोग समर्थन में दिखे। लोगों का कहना है कि राशि निकासी को लेकर परेशानी जरूर हो रही है लेकिन इसे और असरदार बनाने की अपील भी की गई है। दरभंगा के ग्रामीण इलाकों में एक तरफ जहां लोगों को नोट बदलने व जमा तथा निकासी करने में परेशानी हो रही है। वहीं लोगों ने इसे बेहतर और असरदार भी बनाए जाने की बात कही है । नोटबंदी के बाद ग्रामीण इलाके के लोगों को कठिनाइयों का दंश ङोलना पड़ रहा है । बावजूद इसके इस कदम की सराहना हो रही है ।
नोटबंदी के बाद लोगों की हो रही परेशानी से अवगत होने के लिए शनिवार को हमारी टीम ने कुछ गांव एवं शहरी क्षेत्र का जायजा लिया तो नब्बे फीसद लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि कालेघन एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ यह बेहतर फैसला है। थोड़ी परेशानी तो हो रही है । लेकिन भविष्य बेहतर होगा ।
नोटबंदी के बाद कारोबारपर बहुत असर पड़ा है। एक तो बाजार में छोटे रूपये की कमी है। थोक सामान देने बाले व्यवसायी पांच सौ तथा एक हजार के नोट नहीं ले रहे है। घीरे – घीरे स्थिति सामान्य हो जाएगी। केंद्र सरकार के नोटबंदी के कदम ऐतिहासिक है। और यह गरीब – गुरबों के हित में है ।
गुड्डू कुमार जो बहादुरपुर के चट्टी चौक पर दुकान चलाते हैं, ने कहा कि व्यापार पर असर हुआ पर उन्हें उम्मीद है कि इससे भविष्य अच्छा होगा। अपने दुकान में स्वैप मशीन एवं पेटीएम की सुविधा भी जल्द शुरू करेंगे ग्राहकों केलिए। सैदनगर बालू गिट्टी व्यवसायी मो0 सोनू ने बताया कि इतने बड़े बदलाब में तकलीफ होना लाजिमी है। कहीं न कहीं तैयारी में कुछ कमी जरूर रह गयी। सरकार तैयारी पर्याप्त करनी चाहिए थी। पर कदम अभूतपूर्व है। पंडासराय दवा दुकानदार दीपक कुमार ने कहा कि उन्हें खुल्ले लौटाने में परेशानी हो रही है। खासकर जव 100-200 का सामान लेकर 2000 का नोट बढा देते हैं। बहादुरपुर के किसान नेता गजेंद्र शर्मा ने कहा कि किसानों की रब्बी बुआई इससे बुरी तरह प्रभावित हुई है और गरीब किसान के समक्ष भूखों मरने की नौबत आ सकती है।
प्रदीप ठाकुर जो मनीगाछी के राघोपुर में पेट्रोलपम्प संचालक है ने इसे अबतक का सबसे ऐतिहासिक कदम बताया और अपने ग्राहकों को पूरा सहयोग करके प्रधानमंत्री के कदम के साथ खड़े हैं। स्थानीय समाजसेवी रमेश चौधरी ने कहा कि सरकार को बीमार एवं शादी विवाह वाले घर केलिए कुछ विशेष व्यवस्था करनी चाहिए।
रामउदगार यादव जो दरभंगा के पाराडीह में अपना टेंट हाउस चलाते हैं उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नोटबंदी के कदम काफी स्वागतयोग्य कदम है । इस कदम से कालाघन के साथ – भ्रष्टाचार व आतंकवाद पर अंकुश लगेगा । यह कदम देश व गरीब – गुरबो के हित में है ।
सिघेंश्वर राम ने कहा – बेहतर भविष्य के लिए सरकार का यह कदम सराहनीय है। तात्कालिक समस्याओं को छोड़ दे तो इस कदम से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी । कालाघन पर अंकुश लगने से ईमानदार लोगों को काफी सहुलियत मिलेगी। भ्रष्टाचार एवं आतंकवाद पर अंकुश लगेगा। यह बहुत पहले ही लागू होना चाहिए था।
अमृता कुमारी,पंचायत समिति सदस्य नयागांव ने कहा कि नोटबंदी से बिक्री काफी प्रभावित हुई है । बाजारों में छोटे नोटों का अभाव हो गया है। अभी की स्थिति में जो भी ग्राहक आते है । वे पांच सौ या एक हजार का नोट ही साथ में लाते है। ऐसे में हर किसी को छुट्टा देना संभव नहीं हो पाता है। प्रधानमंत्री के नोटबंदी का कदम काफी सराहनीय है तथा राष्ट्रहित में हैं ।
हायाघाट प्रखंड क्षेत्र के लोगों का कहना था कि राशि निकासी को लेकर दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर हैं। लोगों को नोटबंदी के कारण समस्या का सामना करना पड़ रहा है।बावजूद बैंक प्रबंधन की ओर से एटीएम में रुपये नहीं डाले जा रहे हैं। जिसका खामियाजा ग्राहकों को भुगतना पड़ रहा है।
सुनीता देवी ने बताया कि दिन भर रूपये के लिए जहां -तहां का चक्कर काटा लेकिन रूपये नहीं मिले । थक हारकर यहां भी आयी तो रुपया नहीं मिला । मायूस हो घर लौट रही हूं । वहीं संगीता देवी का कहना है कि पुत्री की शादी आठ दिसंबर को है । सामान खरीदने के लिए राशि निकासी हेतु आई थी । लेकिन राशि की निकासी नहीं हुई । चिंतित हूं कि कैसे होगी बेटी की शादी ।

