अपराधियों की मीटिंग की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा।

दरभंगा। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के सैदनगर स्थित किसान नर्सरी मोहल्ले में बुधवार को अपराधियों की मीटिंग करने की सूचना से पुलिस परेशान बनी रही। हालांकि, पुलिस ने छापमारी कर लावरिस हालत में चार बाइक बरामद कर ली। लेकिन, मीटिंग कर रहे सभी अपराधी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बताया जाता है कि स्थानीय लोगों ने अपराधियों की आशंका को लेकर एएसपी दिलनवाज अहमद को इसकी सूचना दी। इसके बाद एएएसपी ने बहादुरपुर थानाध्यक्ष देवानंद राउत को छापेमारी करने का निर्देश दिया। छापेमारी करने दौरान पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना परा। मोहल्ला के अंतिम छोड़ में एक बंद घर में कुछ लोगों के बैठे होने की जानकारी मिली। इसके बाद वहां पुलिस ने धावा बोला। लेकिन, सभी लोग चाहरदिवारी फांद कर फरार हो गए। हालांकि, मौके से पुलिस ने बिना नंबर की दो अपाची व दो स्कूटी बरामद की। घटना स्थल से पुलिस ने इंटर का एक एडमिड कार्ड व कुछ नशीली दवाएं भी बरामद की हैं। हालांकि, जब बहादुरपुर पुलिस को यह क्षेत्र लहेरियासराय थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली तो इसकी सूचना यहां की पुलिस को दी गई। थानाध्यक्ष देवानंद राउत ने बताया कि चारों बाइक लहेरियासराय थाने को हस्तगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा है कि फरार हुए लोग अपराधी नहीं लग रहे थे। देखने से वे लोग नशेड़ी लग रहे हैं। उन्होंने कहा है कि ये लोग यहां चुराकर ह्वाइटनर सूंघा करते थे। ऐसा प्रतीत होता है।

