
मानव श्रृंखला के पूर्व संध्या पर अठारह घण्टे से अधिक से बिजली के लिए शहर के बड़े हिस्से में मचा हाहाकार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एक तरफ जहाँ पूरा प्रशासनिक महकमा मानव श्रृंखला की तैयारियों में दिन रात एक किये हुए है वहीँ शहर का एक बड़ा हिस्सा बिजली के बिना शुक्रवार सुबह से ही त्राहिमाम कर रहा है और देर शाम तक बिजली न आयी और न आने की कोई सम्भावना दिख रही है। पानी की किल्लत के साथ साथ मोबाइल चार्ज आदि की भी समस्या उतपन्न हो गयी है।
प्राप्त सूचना के अनुसार आज सुबह अल्लपट्टी गुमटी के निकट रसलपुर खुर्द मोहल्ले में ग्यारह हजार केवीए का तार टूट कर गिर गया जिसके बाद विधुत आपूर्ति ठप्प हो गयी जो देर शाम तक ठीक नही हो सका। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी इसी जगह तार टूट कर गिरा था जिसके बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर विधुत कर्मियों को काम करने से रोक दिया था। लोगों ने बताया कि यह तार कई मकानों के ऊपर से गुजरा है और कई घरों को इससे खतरा है। पिछली बार जब काम करने से रोका गया था तो अधिकारियों ने दस दिन के अंदर तार का रूट बदलने का वादा किया था। पर फिर भूल कर कुंम्भकर्णी निंद्रा में सो गए। इसी का नतीजा है कि शाम तक कोई कर्मी इसे ठीक करने पहुँचने की हिम्मत भी नही दिखा सके।

