
हड़ताल के पांचवें दिन न्याय मार्च निकाल होमगार्ड के जवानों ने ठप्प किया यातायात। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मांगों को लेकर आंदोलनरत होमगार्ड के जवानों ने सोमवार को न्याय मार्च निकाला। कर्पूरी चौक से बेंता होते हुए सौकड़ों जवान लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक मार्ग का मार्च कर समाहरणालय घरना स्थल पहुंचे। न्याय मार्च के दौरान आक्रोशित जवानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कोई पैदल चल रहे थे तो कोई साइकिल से। सभी अपने हाथों में मांगों से संबंधित तख्ती लिए चल रहे थे। दर्जनों जवानों ने बाइक जुलूस भी निाकला। इस आदोलन से लहेरियासराय-दरभंगा वीआईपी मार्ग पर घंटो यातायात व्यवस्था ठप रहा । लोगों को काफी परेशानी को सामना करना पड़ा। हालांकि, होमगार्ड के जवान आम लोगों से हो रही परेशानी के कारण खेद भी प्रकट कर रहे थे। समाहरणालय धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विष्णुदेव सिंह, सचिव दरोगा राय, कोषाध्यक्ष रामविलास यादव ने कहा कि सरकार सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को नहीं मान रही है। ऐसी स्थिति में होमगार्ड के जवान भी सरकार के आदेश को मानने से इंकार कर रही है। उन्होंने इस आंदोलन को आर-पार की लड़ाई बताया। कहा कि अब हमारे जवान हर चौक-चौराहों पर धरना देंगे। सरकार की दोहरी नीति के कारण विधि व्यवस्था सहित कई सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा पूर्णत: प्रभावित है। जवान के हड़ताल पर जाने से ट्रैफिक, उत्पाद विभाग, संचार विभाग, संग्रहालय, डाक विभाग आदि कार्यालयों की स़ुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने कहा कि अगर कोई घटनाएं घटती है तो इसकी सारी जबावदेही सरकार की होगी। मौके पर दारोगा प्रसाद राय, राम विलास यादव, मनोज कुमार सिंह, श्यामलाल यादव, मो. वसीम, सुरेश यादव, दिनेश कुमार दिवाकर, रीना कुमारी, मीरा देवी, ज्योति कुमारी, शशी देवी, तेजनारायण यादव, वैद्यनाथ ¨सह, जय किशोर यादव, मोतीलाल यादव, मुकेश पांडे, गंगा प्रसाद चौधरी, रामप्रताप यादव, प्रेमलाल यादव सहित संघ के कई नेताओं ने सभा को संबोधित किया।
वामपंथी संगठनों ने आंदोलन का किया समर्थन :
अनिश्चितकालीन हड़ताल के पांचवें दिन कई संगठनों ने होमगार्ड जवानों के आंदोलन में शामिल होकर अपना-अपना समर्थन दिया। माकपा के जिला मंत्री अविनाश कुमार ठाकुर ने होमगार्ड जवान को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी पार्टी मांगों के समर्थन सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार है। इसके लिए पार्टी ने कार्यक्रम भी तय कर लिया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन से वापस कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भय दिखाने का काम कर रहे हैं। सभी जवानों को उन्होंने निर्भिक होकर आंदोलन करने का आह्वान किया। माकपा के जिला सचिव दिलीप भगत, आईसा नेता प्रिंस कर्ण, माले नेता अभिषेक कुमार, जंगी यादव आदि ने धरना स्थल पर पहुंचकर सभा को संबोधित कर आंदोलन को जायज बताया। कहा कि सरकार होमगार्ड जवान के साथ अन्याय कर रही है। सभी ने मांगों को जायज बताते सरकार से समान वेतन देने की वकालत की। मांग पुरा नहीं होने की स्थिति में सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी।

