
दर्दनाक हादसा: छठ के दौरान पाँच लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: पुर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर रेल मंडल अंतर्गत आज सुबह करीब सात समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर रामभद्रपुर स्टेशन के निकट रेलवे क्रोसिंग के पास ट्रेन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार छठ के दौरान तीन महिला एवं दो बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौत नई दिल्ली से दरभंगा आ रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के चपेट में आने से हो गयी। घटना से आक्रोशित लोगो ने रेलवे ट्रैक पर शव रख रेल लाइन को जाम कर दिया। स्थानीय लोगों ने रेलवे की लापरवाही से मौत होने और उचित मुआवजे की मांग को लेकर रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया जिससे इस रेलखंड पर यातायात अवरूद्ध हो गया।जानकारी के अनुसार आज सुबह समस्तीपुर के रामभद्रपुर स्टेशन के निकट रेल ट्रैक से सटे अवस्थित तालाब पर छठ व्रतियों की भारी भीड़ थी। इस तालाब पर काफी पहले से हर साल छठ व्रत होता आया है। इसकी जानकारी रेल व जिला प्रशासन को भी है, लेकिन दोनों की तरफ से सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।
बताया जाता है कि आज सुबह वहां से स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस गुजरी। तालाब के निकट भीड़ की जानकारी रहने के बावजूद उसके ड्राइवर ने सायरन नहीं बजाया। इस बीच व्रत के उत्साह में लापरवाह महिलाओं को ट्रेन के आने की भनक तक नहीं लगी और वह उन्हें रौंदती चली गई।
घटना के बाद छठ व्रतियों ने वहां ट्रेनों का परिचालन ठप कर दिया है। भीड़ का आक्रोश देख पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

