
लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा: जेल से रची साजिश, 12 गिरफ्तार, 44 लाख की ज्वेलरी बरामद।
दरभंगा: नगर थाना इलाके में 3 अप्रैल को प्रेम ज्वेलर्स से हुई दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट की साजिश समस्तीपुर के दलसिंहसराय जेल से रची गई थी। एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 12 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। लूटे गए करीब 44 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद हो चुके हैं।

3 अप्रैल को हथियारबंद बदमाशों ने दुकान में घुसकर मालिक, कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाया। उन्होंने 700 ग्राम सोना, 20-25 किलो चांदी और 10 लाख रुपये नकद लूट लिए। नगर थाना में कांड संख्या 72/26 धारा 310(2)/311 बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ।

एसएसपी ने बताया कि नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सुरागों के आधार पर बिहार एसटीएफ, बेगूसराय, असम और यूपी एसटीएफ के साथ मिलकर छापेमारी की। चार अप्रैल को बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के दशरथपुर गांव में मुठभेड़ हुई, जिसमें आर्यन कुमार, मंगल कुमार, गौतम, अविनाश, विक्की पासवान और पवन झा को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान मंगल के पैर में गोली लगी। मौके से एक देशी कट्टा, पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो बाइक और 1.980 किलो चांदी बरामद हुई।

पांच अप्रैल को सिमरी थाना से लूट में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल बरामद किए गए। सात अप्रैल को दीपक कुमार को गिरफ्तार किया गया। आठ अप्रैल को मुरारी कुमार को असम के गुवाहाटी से दबोचा गया। नौ अप्रैल को लाइनर अभिषेक सोनी व ऋषिकेश सोनी गिरफ्तार हुए, जबकि आगरा से संदीप सिंह को हिरासत में लिया गया। संदीप की निशानदेही पर उसके घर से मिट्टी में छिपे 156.44 ग्राम सोना (करीब 21 लाख रुपये) और 8.630 किलो चांदी (करीब 23 लाख रुपये) बरामद की गई। कुल आठ मोबाइल और चार मोटरसाइकिल जब्त हो चुके हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि जेल में बंद भोला सिंह ने साजिश रची। अभिषेक सोनी ने दुकान की जानकारी दी, जबकि संदीप, लालू, मुरारी आदि ने योजना तैयार की। एसएसपी ने कहा कि कुल 20 लोगों की संलिप्तता सामने आई है। शेष फरारों की तलाश और बाकी ज्वेलरी बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।

