
दरभंगा में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने की समीक्षा।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में बुधवार को भारत की जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ जनगणना कार्यों की तैयारियों व प्रगति पर चर्चा हुई।

बताया गया कि सभी चार्ज क्षेत्रों में 13 से 24 अप्रैल तक प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 17 अप्रैल से 1 मई तक स्वगणना की तिथि निर्धारित है, जिसमें नागरिक मोबाइल फोन से स्वयं जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 2 से 31 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य होगा।

जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ताओं को चार्ज क्षेत्रों में सतत अनुश्रवण के निर्देश दिए। जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी को तकनीकी कर्मियों की संख्या बढ़ाने को कहा गया ताकि क्रियान्वयन में कोई समस्या न हो। उन्होंने प्रगणकों के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ग्रामीण-नगरीय क्षेत्रों में प्रशिक्षण व समीक्षा के लिए वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई। स्वप्निल (उप विकास आयुक्त) को दरभंगा सदर, नगर निगम, बहादुरपुर आदि का दायित्व मिला। मनोज कुमार (बंदोबस्त पदाधिकारी) को मनीगाछी, तारडीह आदि, राकेश कुमार (अपर समाहर्ता) को कुशेश्वरस्थान आदि, सलीम अख्तर (अपर समाहर्ता) को केवटी आदि तथा मनोज कुमार (अपर समाहर्ता राजस्व) को बेनीपुर आदि क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में सहायक समाहर्ता, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, उप निदेशक जनसंपर्क सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

