
उत्पाद विभाग की छापेमारी में शराब के साथ बड़ी मात्रा में चांदी के साथ तस्कर भी धराया। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुप्त सूचना के आधार पर आज सुबह लहेरियासराय स्टेशन पर उत्पाद अधीक्षक दीनबन्धु के नेतृत्व में रेलवे जीआरपी के साथ की गयी संयुक्त छापेमारी में गंगासागर एक्सप्रेस से तीन बैगों से कुल 51 बोतल शराब बरामद हुआ तथा इसे लाने वाले तीनो लोग भागने में सफल रहे। जबकि मिथिलांचल एक्सप्रेस के आने पर उत्पाद विभाग द्वारा की गयी छापेमारी में पतोर ओपी क्षेत्र के बसतपुर निवासी युगल यादव के पुत्र कुलानंद यादव को गिरफ्तार किया गया। इसके पास बंगाल निर्मित देशी दारु की एक बोतल बरामद हुई।
इसी दौरान मिथिलांचल एक्सप्रेस से उतरे कोलकाता राजाघाट निवासी दीपांकर विश्वास को सात किलो नौ सौ ग्राम (करीब आठ किलो) वजन के चाँदी के साथ पकड़ा गया। उत्पाद विभाग द्वारा इसकी सूचना वाणिज्य कर विभाग को दे दी गयी। पकड़े गए उक्त तस्कर ने कैमरे के सामने स्वीकार किया कि फर्जी तरीके से यह तस्करी पिछले पांच साल से कर रहा है। यहां लहेरियासराय में महेश नामक किसी आभूषण व्यवसायी को यह चाँदी देने जा रहा था। हालांकि पकड़े गए इस तस्कर के भारतीय मानवाधिकार संगठन का आई कार्ड भी मिला जो उसने बताया कि उक्त दूकानदार ने ही उसे बनाकर दिया हुआ है। तस्कर के सुचित करने पर पहुंचे एक व्यक्ति द्वारा खुलेआम बैक डेट में रसीद मेल से मंगा लेने और साफ़ साफ़ बच जाने का दावा किया जा रहा था। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि मामला वाणिज्य कर विभाग को देखना है और वे इसे विधिवत रूप से वाणिज्य कर विभाग को सौंप रहे हैं। प्राप्त चाँदी की कीमत करीब साढ़े तीन लाख से चार लाख आंकी जा रही थी। जबकि उक्त तस्कर के पास से प्राप्त रसीद पर सिर्फ मरम्मति का 3000 रुपया ही दर्शाया गया था।

