उत्पाद विभाग की छापेमारी में आठ बोतल के साथ चार गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: उत्पाद विभाग ने विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर आठ बोतल रॉयल स्टैग शराब के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्पाद अधीक्षक दीनबंधु ने गुप्त सूचना पर नगर थाना क्षेत्र के गुल्लोबारा निवासी संतोष कुमार सिंह को झोला में शराब ले जाते समय गिरफ्तार किया। संतोष की निशानदेही पर पर विवि थाना क्षेत्र के कटहलबारी निवासी पवन कुमार गुप्ता के घर पर छापेमारी कर छह बोतल शराब के साथ रौशन कुमार सहनी उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि फल व्यवसायी रौशन कटहलबारी निवासी पवन के घर फल रखने के लिए उनका मकान किराए पर लिया था। शराबबंदी के बाद वह फल के साथ-साथ शराब का भी अवैध धंधा करने लगा था। इधर, शराब बरामदगी की सूचना मिलते मकान मालिक पवन फरार हो गया। उत्पात अधीक्षक ने बताया कि इसके अलावा शिवाजीनगर से राज कुमार सहनी उर्फ भीमा को एक बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जबकि भीमा का साथी मनोज सहनी फरार हो गया। उन्होंने बताया कि मनोज पहले भी शराब के साथ गिरफ्तार हो चुका है। जेल से छूटने के बाद फिर से वह शराब के अवैध कारोबार में लग गया है। उन्होंने बताया कि अल्लपट्टी मोहल्ला में सड़क पर शराब के नशे में संतोष मंडल को हिरासत में लेकर ब्रेथ एनेलाइजर से जांच करने पर पॉजेटिव पाए जाने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरूद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

