
निजी स्कूलों की मनमानी पर ब्रेक लगाएं: भाजपा नेता ने डीएम को सौंपा ज्ञापन।
दरभंगा: जिले के निजी विद्यालयों द्वारा अभिभावकों के आर्थिक शोषण के खिलाफ भाजपा के मीडिया प्रभारी मुकुंद चौधरी ने मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में री-एडमिशन के नाम पर अवैध वसूली और महंगी पुस्तकों की जबरन बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई।

मुकुंद चौधरी ने कहा कि शिक्षा के पवित्र क्षेत्र को कुछ निजी स्कूल व्यवसाय का केंद्र बना चुके हैं। हर साल अभिभावकों से री-एडमिशन शुल्क वसूला जाता है, जो नियमों के विरुद्ध है। साथ ही, प्रबंधन एक निश्चित दुकान से अत्यधिक महंगी व अनावश्यक किताबें खरीदने को बाध्य करता है, जो संगठित लूट का रूप ले चुका है।

इससे मध्यमवर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। चौधरी ने डीएम से ठोस कार्रवाई की मांग की, ताकि अभिभावकों को राहत मिले।

