
हावीभौआर काण्ड में गिरफ्तार पढ़ने वाले निर्दोष बच्चों का कैरियर बर्बाद न करे प्रशासन: अशोक नायक। Voice of Darbhanga
दरभंगा: भाजपा के जिलामंत्री अशोक नायक, युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ज्योतिकृष्ण झा लवली एवं बाल्मीकि झा ने आज सैदनगर स्थित बाल पर्यवेक्षण जाकर हाविभौआर काण्ड में गिरफ्तार तीनो बच्चों से उनके परिजनों के साथ मिलकर उनका हाल जाना। बच्चों ने अपने शरीर पर गंभीर चोट के दाग दिखाते हुए रोते हुए अपने जीवन बचाने की गुहार लगायी। नौवीं कक्षा का 15 वर्षीय छात्र ज्योतिष कुमार तथा आठवीं में पढ़ने वाले 13 वर्षीय छात्र द्वय राजदेव पासवान एवं प्रदीप मुखिया ने मिलने वाली टीम को बताया कि गत 16 अप्रैल को वे कोचिंग पढ़ कर साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ कर बड़े बेरहमी से पीटा और गिरफ्तार कर लिया। जिस गाँव में घटना हुई, वे उस गाँव के रहने वाले भी नही है। अब उनके साइकिल एवं कॉपी का भी अता पता नही है। अब जेल में भी उनका खाना पीना एवं दवा ठीक से नही हो रहा है।
बच्चों से मिलने के बाद मीडिया से बात करते श्री नायक ने बताया कि एक ही पक्ष के निर्दोष बच्चों तक को नही बख्सा गया। बच्चों के साथ इस तरह की घटना प्रशासनिक विफलता का परिणाम है। इन पढ़ने लिखने वाले बच्चों का जीवन बर्बाद हो रहा है। अतः वे जिला प्रशासन मांग करते हैं कि इन बच्चों को शीघ्र रिहा किया जाय ताकि इनका जीवन बर्बाद होने से बच जाये। भाजपा नेता ज्योतिकृष्ण झा ने कहा साथ बच्चों के साथ इसतरह के अमानवीय व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों को भी चिन्हित कर उनपर कड़ी से कड़ी कारवाई होनी चाहिए।

