
प्रशासन की मिलीभगत से राजद नेता द्वारा गहबर की जमीन कब्जाने की कोशिश: भाजपा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र के भड़वाड़ा गहबर विवाद में गुरूवार को पूजा के बाद स्थानीय भाजपा विधायक जीबेश कुमार के उपर हुए हमले को पुलिस प्रशासन की नाकामी बताते हुए आज भाजपा नेताओं ने प्रेम कुमार के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया।
धरने के दौरान इस पूरे मामले में प्रतिक्रिया देते हुए जाले के भाजपा विधायक जीबेश कुमार ने पूरे मामले केलिए पुलिस प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेवार ठहराया है। विधायक श्री कुमार ने बताया कि 500 वर्षो से यहां पूजा हो रही थी और पुलिस द्वारा यहां 144 लगाना कहीं से भी उचित नही था। इसकेलिए उन्होंने दो दिन पूर्व भी प्रशासन से आग्रह किया था कि पूजा न रोका जाय और जनभावना को देखते हुए उन्होंने विधान पार्षद श्री सहनी के साथ पूजा करने का निर्णय लेकर इसकी लिखित सुचना पूर्व में ही दी थी। फिर भी मात्र एक सिमरी थाना को 3-4 कांस्टेबल के साथ वहां तैनात किया गया था। पुलिस पदाधिकारी पूजा के समय पुलिस बलों के साथ सिंहवाड़ा थाना पर आराम फरमा रहे थे। पुलिस बल की तैनाती यदि पूजा के समय से पूर्व ही रहती तो घटना टाली जा सकती थी। श्री कुमार ने सवाल उठाया कि 1987 में ही रजिस्ट्री कराने का दावा करने वाला चंद्रकिशोर यादव इतने दिन तक चुप क्यों था? अभी तक उस जमीन का दाखिल ख़ारिज भी नही हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रकिशोर यादव राजद का नेता है और अब जब राजद की सरकार आयी है तो प्रशासन की मिलीभगत से वह अवैध तरीके से लोगों के आस्था से जुड़े गहबर की जमीन को कब्जाने में जुटा है। पर गुंडई के बल पर 500 वर्षों से अधिक से लोगों के आस्था के केंद्र रहे गहबर की जमीन को कब्जाने का मंसूबा कामयाब नही होने दिया जाएगा
वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम कुमार ने कहा कि दस दिन का समय है। प्रशासन विधायक पार्षद पर झूठा मुकदमा वापस ले और निर्दोष लोगो को छोड़े।भूमाफिया चंद्र किशोर यादव को गिरफ्तार करें, गहबर पर भव्य मंदिर बनें नहीं तो इसका फैसला विधान सभा में होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना से लेकर एसएसपी तक ने भूमाफिया को संरक्षण दिया है। धरनास्थल पर नगर विधायक सरावगी, विजय चौधरी, पार्षद अर्जुन सहनी, जिलाध्यक्ष हरि सहनी, वरिष्ठ युवा नेता बालेंदु झा, अशोक नायक, अंजनी निषाद, मुरारी मोहन झा, विनय झा आदि भी उपस्थित थे। धरना के बाद प्रेम कुमार ने भी घटना स्थल पर जाकर पूजा भी किया।

