
समृद्धि यात्रा: सीएम ने दरभंगा को दी 138 करोड़ की 90 योजनाओं की सौगात, बस स्टैंड व एक्सप्रेस-वे का लिया जायजा।
दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार को दरभंगा जिले में विकास कार्यों का जायजा लिया। नागेंद्र झा स्टेडियम में उन्होंने रिमोट से 138 करोड़ रुपये की 90 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया, जिसमें 105 करोड़ से 50 योजनाओं का शिलान्यास व 33 करोड़ से 40 का उद्घाटन शामिल रहा।दिल्ली मोड़ पर निर्माणाधीन अंतर्राज्यीय बस स्टैंड का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसमें जी+4 कार्यालय भवन, कॉन्कोर्स, प्लेटफॉर्म, पार्किंग, एसटीपी आदि सुविधाएं दो वर्ष में पूरी करें।

प्रगति यात्रा की योजनाओं जैसे आरओबी दोनार चौक, शोभन-मकिया पथ, शोभन बाइपास फोरलेन, एम्स तक पहुंच पथ, दरभंगा-कुशेश्वरस्थान बाइपास, मिथिला शोध संस्थान आधुनिकीकरण, एक्सप्रेस-वे उन्नयन, बाबा कुशेश्वरस्थान सौंदर्यीकरण, अहिल्यास्थान विकास व तालाबों का एकीकृत सौंदर्यीकरण की प्रगति जांची। दरभंगा हवाई अड्डा सिविल एनक्लेव व 50 एकड़ लॉजिस्टिक पार्क भूखंड का अवलोकन किया। आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे निरीक्षण में कहा कि इससे उद्योग, पर्यटन व कनेक्टिविटी मजबूत होगी। स्टेडियम स्टॉल देखकर 93,536 जीविका दीदियों को 311 करोड़ का सांकेतिक चेक व नारी शक्ति योजना आदि लाभ दिए।
जिला प्रशासन ने उनका स्वागत किया।मुख्यमंत्री ने सभी योजनाएं गुणवत्ता से समयबद्ध पूरी करने व आवागमन सुगम बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद संजय झा, मंत्री विजय चौधरी, मदन सहनी, विधायक संजय सरावगी, जिवेश कुमार, विनय चौधरी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


