
संस्कृत विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा मिलना चाहिए: शाहनवाज

दरभंगा।अभिषेक कुमार
आज रविवार को कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित संस्कृत सप्ताह के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर आये भाजपा के जे श्री हुसैन ने कहा कि संस्कृत से ही संस्कृति की रक्षा व संरक्षा सम्भव है। जन्म व मृत्यु दोनो अवसरों पर भी संस्कृत ही काम आती है। अपने को घर का ही बताते हुए उन्होंने कुलपति डा0 नीलिमा सिन्हा से कहा कि संस्कृत विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा दिलाने में वे प्रवक्ता की भूमिका निभाने को तैयार हैं। इसके लिए हमसभी मिलकर प्रयास करें। इतना ही नहीं , वे संस्कृत से इतने प्रभावित थे कि मंच से ही उन्होंने संस्कृत सीखने की इच्छा जाहिर की और कम समय में इस भाषा का ज्ञान हासिल हो इसके लिए कैप्सूल पाठ्यक्रम शुरू करने की भी उन्होंने सलाह दी जिसे कुलपति ने सहर्ष स्वीकार किया।
बतौर विशिष्ट अतिथि नगर विधायक श्री संजय सरावगी ने ही विवि को केंद्रीय विवि का दर्जा दिलाने की मांग मंच से की थी। इस कार्य को आगे ले जाने में भी उन्होंने हर समय मदद का भरोसा दिलाया है। वहीं रुसा के उपाध्यक्ष डा0 कामेश्वर झा ने भी विवि को मदद देने व दिलाने का आश्वासन दिया तथा कुलपति के कार्यों की सराहना की। पत्रकार डा0 प्रेम चन्द्र झा ने भी संस्कृत की सेवा मे लगे रहने की बात कही। वहीं कुलपति डा0 सिन्हा ने आगामी विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत चर्चा की एवम् विवि को राष्ट्रीय क्षितिज पर पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। साथ ही वीसी ने कहा कि श्री हुसैन के सुझावों को मूर्त रूप देने में कोई कोताही नहीं की जायेगी। मंच संचालन डा0 श्रीपति त्रिपाठी ने किया एवम् धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डा0 सुरेश्वर झा ने तथा मंगलाचरण डा0 विद्येश्वर झा व डा0 दयानाथ झा द्वारा सम्पादित किया गया।
इस मौके पर सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिया गया।

