
नवाह यज्ञ में दिख रहा नोटबन्दी का असर। Voice of Darbhanga

दरभंगा : शहर के माध्वेश्वर परिसर स्थित श्यामा मंदिर में चल रहे शनिवार से श्यामा नामधुन संकीर्तन के चौथे दिन मंगलवार को नवाह यज्ञ में मिथिलांचल के कई जिलों से भक्तों का सुबह से ही आना लगा रहा. वैसे अन्य सालो की तरह इस साल न तो सजावट और न ही भक्तों की संख्या दिख रही है। भक्तगण कीर्तन मंडलियों की ओर से भिन्न भिन्न धुनों पर मां श्यामा के नामों का जयकारा लगा रहे थे. वहीं दूसरी ओर नोटबंदी का भी असर श्यामा मंदिरों की साज-सज्जा पर देखा गया. हर वर्ष की तरह इस वर्ष धार्मिक परिसर में सजा-सज्जा के इंतजाम में नोटबंदी को लेकर थोड़ी उदासीनता देखने को मिली.
एक भक्त रमेश झा ने बताया कि पिछले कई सालों से वह नौ दिनों तक चलने वाले नवाह यज्ञ देखने के लिए मधुबनी जिले से श्यामा मंदिर आते रहे हैं. मगर इस वर्ष पिछली बार के मुकाबले इस धार्मिक साज – सज्जा में थोड़ी उदासी दिख रही है. मधुबनी से आयी एक महिला श्रद्धालु कुमारी ऐश्वर्या ने बताया कि मंदिर परिसर में सभी मंदिरों सहित परिसर के पोखर तक में साज – सज्जा देखने को बनती थी. मगर इस वर्ष कुछ उदासी दिख रही है. मालूम हो कि विख्यात श्यामा मंदिर में पूजा – पाठ के लिए मिथिलांचल के कई जिलों से भक्तगण आते हैं.

