
यूपी में सपा के आतंक से त्रस्त जनता भाजपा के साथ, 11मार्च को ही खेलेंगे होली: शाहनवाज। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शहनवाज हुसैन ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा का आतंक है। यही कारण है कि पुलिस अधिकारी भी सपा नेता का पांव छूते हैं। इससे साफ है कि सभी डरते हैं। पुलिस जब सपा के नेताओं से डर सकती है तो जनता का क्या हाल होगा। प्रशासनिक तंत्र की ऐसी हालत कहीं नहीं है। वहां की जनता त्रस्त हो चुकी है। मतदाताओं ने प्रधानमंत्री व भाजपा में विश्वास जताते हुए निर्णय ले लिया है। वहां भाजपा की सरकार बनेगी। इसबार हमलोग 11 मार्च को ही होली खेलेंगे। भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री हुसैन ने कहा कि उत्तर प्रदेश, गोवा व उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बननी तय है। उत्तर प्रदेश में संपन्न तीन चरणों के मतदान से साफ हो गया कि भाजपा बहुमत हासिल करेगी। बसपा व सपा के बीच दूसरे स्थान के लिए जंग है। राहुल-अखिलेश की जोड़ी को जनता को नकार चुकी है। कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस तो महज पहचान बचाने के लिए चुनाव लड़ रही है। यूपी के लोग समझ गए हैं कि कांग्रेस व सपा से देश के इस बड़े प्रदेश का कल्याण नहीं होने वाला है। इससे पूर्व जिला कार्यालय पर पहुंचने पर पार्टी नेताओं ने गर्मजोशी से श्री हुसैन का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष हरि सहनी, प्रदीप ठाकुर, सुजीत मल्लिक, अशोक नायक, संजीव साह, अमलेश कुमार झा, तनवीर हसन, रामचंद्र प्रसाद, कृष्ण भगवान झा, मुरारी मोहन झा, आदित्य नारायण चौधरी मन्ना, ज्योतिकृष्ण झा लवली, मीना झा, रेखा झा समेत कई पार्टी नेताओं ने जोरदार स्वागत किया।

