
वृद्धजनों के लिए विशेष निःशुल्क विधिक सेवा शिविर आयोजित।
दरभंगा: बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने शनिवार को पोहद्दी पश्चिमी पंचायत के ग्राम कचहरी भवन में वृद्धजनों के लिए विशेष निःशुल्क विधिक सेवा शिविर लगाया।

शिविर में बुजुर्गों की तत्काल सहायता के लिए तीन हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। यहां मुफ्त कानूनी सलाह, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, शिकायत निवारण के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण किया गया।

पैनल अधिवक्ता राममोहन झा, विनय कुमार झा व विनोद कुमार मिश्र ने माता-पिता व वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 तथा नालसा योजना 2016 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भरण-पोषण में असमर्थ माता-पिता वयस्क पुत्र-पुत्री से खर्चे की मांग कर सकते हैं। इनकार पर अनुमंडल पदाधिकारी या न्यायालय की शरण ले सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग के सीएचओ अभिषेक मोहन झा, ईएमटी विरेंद्र कुमार दास व एहसान आलम ने स्वास्थ्य सहायता प्रदान की। पारा विधिक स्वयंसेवक नितीश कुमार राम, अर्जुन राम, इंद्र देव सहनी व शत्रुघन दास ने वृद्धा पेंशन, राशनकार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि योजनाओं की जानकारी व शिकायत निस्तारण किया।
मौके पर प्राधिकार सहायक कुमार गौरव, सरपंच रामवती देवी, रामकुमार साहू, कचहरी सचिव रिंकू देवी, मुखिया प्रतिनिधि ध्रुव स्वामी, छेदी पासवान, कैलाश सहनी, संगीता देवी, राजो देवी आदि उपस्थित थे।

