मण्डल कारा में लगातार शिकंजा कसना जारी, मिले चार मोबाइल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मंडल कारा में बंद शातिर अपराधियों द्वारा मोबाइल से रंगदारी मांगे जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला पुलिस प्रशासन चौकस है। वहीं कारा प्रशासन ने भी इसे गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन के साथ-साथ कारा प्रशासन भी लगातार कारा में छापेमारी कर रहा है। पिछले एक सप्ताह में कारा अधीक्षक के नेतृत्व में मंडल कारा में की गई छापेमारी में चार मोबाइल बरामद किया गया है। इससे मंडल कारा में बंद कैदियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं नए कैदियों ने राहत की सांस ली है। बताया जाता है कि कारा में आने वाले नए कैदियों को सुविधा देने के नाम पर शातिर बंदी मोबाइल से उसके परिजन से रंगदारी की मांग करते हैं। रंगदारी नहीं देने पर नए बंदियों के साथ मारपीट की जाती है। कारा अधीक्षक को बुधवार को भी इसकी सूचना मिली। सूचना मिलने पर कल देर शाम कारा अधीक्षक सूर्यनाथ सिंह के नेतृत्व में मंडल कारा में छापेमारी कर वार्ड नंबर 1 के सामने बरामदे पर रखे डस्टबीन से दो मोबाइल बरामद किया है। इस संबंध में कारा अधीक्षक के आवेदन पर लहेरियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें कारा अधीक्षक ने बताया है कि सूचना पर की गई छापेमारी में डस्टबीन से दो मोबाइल बरामद किया गया है। आवेदन में यह भी कहा है कि जिस वार्ड के सामने से मोबाइल बरामद की गई है उस वार्ड नंबर 1 में कुख्यात अमित कुमार यादव उर्फ सलमान व मिठ्ठू सिंह व अन्य सहयोगी बंदी को रखा गया है। बता दें कि 20 अक्टूबर को भी कारा अधीक्षक श्री सिंह की नेतृत्व में प्रभारी अपाधीक्षक शंभू कुमार दास, कारा के सिपाही व होमगार्ड के जवान के साथ छापेमारी कर दोहरे इंजीनियर हत्याकांड के आरोपी करण झा के पॉकेट से भी दो मोबाइल बरामद किया गया था। इसको लेकर भी लहेरियासराय थाने में करण झा के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

