Home Featured जेसीबी के गड्ढे में मिली 104 वर्षीय बुजुर्ग महिला की लाश, 56 दिनों से थी लापता।

जेसीबी के गड्ढे में मिली 104 वर्षीय बुजुर्ग महिला की लाश, 56 दिनों से थी लापता।

दरभंगा: पतोर थाना क्षेत्र के सती स्थान के पास जेसीबी से खोदे गए 18 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे से 104 वर्षीय बुजुर्ग महिला फूलो देवी का शव बरामद हुआ है। वार्ड संख्या-6 की निवासी मृतका के पति मंटुन राम हैं। वे करीब 56 दिनों से लापता थीं और उनकी मानसिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।घटना बुधवार को उजागर हुई, जब खेतों में पटवन के लिए जा रहे एक किसान ने दमकल की पाइप डालते समय गड्ढे में शव देख लिया।

Advertisement

ग्रामीणों को सूचना देने पर मौके पर पहुंचे लोगों और परिजनों ने शव की तस्दीक फूलो देवी के रूप में की।सूचना पाते ही पतोर थाना प्रभारी चंद्रभूषण कुमार, अपर थानाध्यक्ष रामानुज यादव व पंचायत मुखिया फेकन पासवान सहित पुलिस-प्रशासनिक दल पहुंचा। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम हेतु डीएमसीएच भेज दिया गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है। मुखिया फेकन पासवान ने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि जेसीबी गड्ढों का स्पष्ट सीमांकन न होने से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। खनन विभाग को सबक लेना चाहिए। जहां खनन होता है, वहां चेतावनी बोर्ड व लाल झंडे लगाए जाएं।अपर थानाध्यक्ष रामानुज यादव ने बताया कि लापता होने की सनहा पहले ही दर्ज थी। पुलिस जांच कर रही है। संभवतः बुजुर्ग घर से निकलते ही गड्ढे में गिर गईं और डूब गईं।

Advertisement
Share