
कांग्रेस के वंशवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा लड़ते रहे कर्पूरी ठाकुर: गोपालजी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जननायक कर्पूरी ठाकुर 92वीं जयंती पर जगह-जगह कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पूर्व विधायक गोपालजी ठाकुर ने इस मौके पर कहा कि कर्पूरी ठाकुर जीवन पर्यन्त गैर कांग्रेसवाद का नारा बुलंद करते रहे. कांग्रेस के वंशवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार लड़ते रहे. लेकिन आज उनके शिष्य नीतीश कुमार और लालू प्रसाद कांग्रेस की गोद में बैठे हुए हैं. उन्होंने कहा कि वह गरीबों का सदैव हित सोचने वाले मनीषी थे. जिनके बताये हुए रास्ते पर चलना होगा. उन्होंने कहा कि गांधी, लोहिया और अम्बेदकर के सपने सफेद हो चुके हैं. उसे सतरंगा करने के संघर्ष का नाम कर्पूरी ठाकुर है. पूर्व विधायक ने कहा कि राजनीति में उन्होंने व्यक्तिगत मतभेद को कभी सामने नहीं आने दिया. वे एक सच्चे राजनेता थे. उन्होंने सदियों से दबे-कुचले वर्गों में न केवल राजनीति अपितु सामाजिक चेतना भी जगाई और उन्हें ताकत भी दी. उन्होंने कहा कि उनका सादगी भरा जीवन कमजोर तबकों के लिए चिंता और वसूल पर आधारित था. पूर्व विधायक ने कहा कि आज भाजपा उनके विचारों और आदर्शो को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है. श्री ठाकुर ने दावा किया कि भाजपा ही कर्पूरी ठाकुर की असली वारिश है. वहीं मिथिला राज्य निर्माण सेना की ओर से जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर सेना के अध्यक्ष रंगनाथ ठाकुर ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर सही अर्थो में मिथिला की पावन मिट्टी के प्रतीक पुरूष हैं. मिथिला क्षेत्र में उनकी स्थिति सभी समाज में एक जैसी है. वह जाति के नहीं, बल्कि जमात के नेता और नायक हैं. इस मौके पर केदारनाथ झा अनाथ, सेना के महासचिव राजेश कुमार झा, सचिव पुपुन प्रसाद, मो. रमजान, प्रवीण नायक, टुनटुन चौधरी, मंजित राउत, अमित मंडल, हीरा प्रसाद आदि ने विचार रखे.

