
कुशल युवा कार्यक्रम के प्रथम प्रशिक्षण केंद्र का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अंतर्गत कुशल युवा कार्यक्रम हेतु दरभंगा जिला के प्रथम प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ गुरूवार को जिला अधिकारी डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह के कर कमलों से किया गया।
एटोनेबल सॉफ्टवेयर कैरियर प्राइवेट लिमिटेड के तत्वाधान में आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला नियोजन पदाधिकारी अश्विनी कुमार पराशर, श्रम अधीक्षक जयंत कुमार, कौशल विकास के जिला कार्यक्रम प्रबंधक राहुल रोशन एवं उपनिदेशक नियोजन मनोज कुमार शर्मा की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करने के पश्चात जिलाधिकारी डॉक्टर सिंह ने सर्वप्रथम कौशल विकास केंद्र पर प्रशिक्षण हेतु चयनित प्रतिभागियों से संवाद किया और उनसे कौशल विकास कार्यक्रम से जुड़ी जानकारियों का आदान प्रदान किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अंतर्गत प्रारंभ किए जा रहे कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा की मुख्यधारा से विमुख हुए युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप विकसित कर रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं इस में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के तरीकों को विस्तार से समझाया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की ओर से आए प्रश्नों का जवाब जिला नियोजन पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, कौशल विकास के जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं उपनिदेशक नियोजन ने मौके पर देकर प्रतिभागियों के जिज्ञासा को संतुष्ट किया। कार्यक्रम का संचालन उपनिदेशक नियोजन मनोज कुमार शर्मा ने किया जबकि आगत अतिथियों का स्वागत केंद्र समन्वयक रवि निशांत मिश्र ने पुष्पगुच्छ प्रदान करके किया। धन्यवाद ज्ञापन केंद्र निदेशक राम कुमार मिश्र ने किया। सेंटर के प्रशिक्षक बलबीर चौधरी ने अपने संबोधन में राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम अंतर्गत युवाओं के कौशल विकास हेतु शुरू की गई इस योजना को धरातल पर उतारने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर प्रतिभागियों के बीच अध्ययन सामग्री भी वितरित किया गया।

