
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, न ही निर्दोष को फंसाया जाएगा : चिराग।
दरभंगा:कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में घायलों से मिलने रविवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) पहुंचे। उनके साथ समस्तीपुर की सांसद शांभवी चौधरी व जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार झा भी थे।अस्पताल में भर्ती 13 वर्षीय घायल बच्ची को देखकर चिराग भावुक हो गए। उन्होंने परिजनों को Sari संभव सहायता व न्याय का भरोसा दिलाया।

चिराग ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, न ही निर्दोष को फंसाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर पासवान समाज के घरों पर हमला किया, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।संविधान द्वारा दिए समान अधिकारों का हवाला देते हुए चिराग ने भेदभाव बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। प्रशासनिक लापरवाही या संरक्षण पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का ऐलान किया। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने व गांव में शांति-एकता बहाल करने के ठोस कदमों का वादा किया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष देवेंद्र झा व पार्टी पदाधिकारी-कार्यकर्ता मौजूद रहे।DMCH से लौटते हुए चिराग भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के आवास पर पहुंचे और उनकी मां के निधन पर शोक व्यक्त किया।

