
बिजली का तार टूटकर गिरने से युवक की मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: अलीनगर थाना क्षेत्र के श्यामपुर गांव में शनिवार की सुबह बिजली का जर्जर तार टूटकर गिरने से गांव निवासी मिन्हाज़ुद्दीन अहमद उर्फ़ शब्बू (43) की मौत हो गई. शब्बू को आनन- फानन में उसके परिजन व गांव वाले अलीनगर के निजी अस्पताल में ले गए. अस्पताल में ही डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.
बताते चलें कि मृतक शब्बू चार भाइयों में सबसे बड़ा था. शब्बू गांव के मदरसे में ही शिक्षक था. वह अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है. बड़े पुत्र का नाम आफिफ आलम है जबकि दूसरे का नाम तौसीफ है. शब्बू की एक पुत्री भी थी जिसका नाम दानिया है. मासूम दानिया अभी महज लगभग तीन साल की है. घटना को लेकर श्यामपुर में सन्नाटा छाया हुआ है. शब्बू के जनाजे की नमाज रविवार को श्यामपुर में होगी. यह जानकारी मृतक के परिजनों ने दी.
पूरे मामले में गांव के लोगों ने घटना की वजह बिजली विभाग की लापरवाही को बताया. लोगों के मुताबिक बिजली के तार काफी जर्जर थे, जिसे समय से नहीं बदला गया. जिसकी वजह से परिवार ने अपना बेटा खो दिया है. वहीं अभी तक इस पूरे मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों ने अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है.

