
यूजीसी नियम के खिलाफ सवर्ण संगठनों का मशाल जुलूस, कानून वापसी की मांग।
दरभंगा: भारत सरकार द्वारा यूजीसी नियम लागू करने के खिलाफ सवर्ण संगठनों ने बुधवार को मशाल जुलूस निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कानून को ‘काला कानून’ करार देते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि यह नियम उनके बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है और यदि इसे वापस नहीं लिया गया तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन जारी रखेंगे।

ब्राह्मण फेडरेशन के जिला अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी उर्फ पप्पू चौधरी ने कहा, “जब तक यह कानून वापस नहीं होगा, हम संघर्ष करते रहेंगे।” क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह उर्फ पिंकू सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने उन्हें अपराधी घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा, “हमारे बच्चे कॉलेज जाने लायक नहीं रहेंगे। यह कानून शिक्षा से वंचित करने की साजिश है।” अवधेश कुमार चौधरी व सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका झा ने केंद्र सरकार पर ‘काला कानून थोपने’ का आरोप लगाया।

प्रदर्शन में संजीव कुमार सिंह, चुनचुन सिंह, सुमन सिंह, डॉ. आनंद प्रकाश, चंद्र भूषण झा, रुणु झा, श्याम झा, डॉ. उद्भट् मिश्रा, पप्पू झा, बबलू झा, दीपक झा, रौशन झा, अभयानंद झा आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।

