
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देश।

दरभंगा: आज जिला पदाधिकारी, दरभंगा डाॅ0 चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री नगर विकास योजना एवं शहर की समस्याओं की समीक्षात्मक बैठक कार्यालय प्रकोष्ठ में आहूत की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने दरभंगा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाने का निदेश दिया। अंचलाधिकारी, सदर को दरभंगा शहर में अवस्थित सभी छोटे एवं बड़े तलाबों का सर्वे-नापी कर अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तृत प्रतिवेदन बनाकर देने का निदेश दिया। नगर निगम आयुक्त महोदय को नगर निगम के सभी प्लाॅटों की जानकारी उपलब्ध कराने का निदेश दिया। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम आयुक्त महोदय को लहेरियासराय टावर से स्टेशन तक एवं हजमा चैराहा से लेकर आयकर चैराहा तक प्रातःकाल 08ः00 बजे के पूर्व कचड़ा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया। शहर के सभी डिवाईडरों को आकर्षक ढ़ंग से रंगाई-पोताई कर रिफ्लेक्टर लगवाया जाएगा। जगह-जगह जेब्रा क्राॅसिंग पेंन्ट किया जाएगा। मुख्य सड़कों को मरम्मति करवाने का निदेश कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण प्रमण्डल को दिया गया। शहर में पार्किंग स्थलों की पहचान कर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश नगर निगम आयुक्त को दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी को निजी स्कूलों के संचालकों के साथ बैठक कर विद्यालयों के छूट्टी के समय में कुछ अंतराल रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रस्ताव देने का निदेश दिया गया। शहर के ऐतिहासिक टाउन हाॅल के जीर्णोद्धार एवं बाह्य साज-सज्जा हेतु विशेषज्ञ एजेन्सी से प्राक्कलन तैयार करवाने का निदेश नगर निगम आयुक्त महोदय को दिया गया। दोनार रेलवे गुमटी पर ओवर-ब्रीज बनवाने के पूर्व डायवर्सन बनवाने हेतु जगह एवं खर्च का प्राक्कलन बनाने का निदेश कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण को दिया गया। जल्द ही ओवर-ब्रीज बनाने वाली कार्यकारी एजेन्सी के साथ जिलाधिकारी बैठक कर आने वाले सभी गतिरोध को दूर करेंगे।
उक्त बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री नागेन्द्र कुमार सिंह, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर डाॅ0 गजेन्द्र प्रसाद सिंह, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी श्री दिलनवाज अहमद, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी श्री कन्हैया कुमार व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

