
ट्रक लूटने वाले गिरोह का हुआ भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा : दरभंगा पुलिस पर शनिवार को शनि देव मेहरबान दिखे वहीं कुख्यातों की सामत आ गई. जी हां एसपी सत्यवीर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-57 पर ट्रक लूट गिरोह के कुछ सदस्य ट्रक लूट की योजना बना रहे हैं. जिसको लेकर एसपी के निर्देश पर एएसपी दिलनवाज अहमद के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई जिसमें सिमरी थाना प्रभारी राजन कुमार, मब्बी ओपी प्रभारी गौतम कुमार, सहित सशस्त्र बल शामिल थे.
उक्त पुलिस टीम ने ट्रक लूट करने वाले गिरोह के सदस्यों को धर दबोचने के लिए सिमरी थाना के तेलिया पोखर के पास एनएच-57 पर छापेमारी कर एक बोलेरो से पांच कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी एक देशी कट्टा, दो गोली व 2 चाकू सहित कई नशीले पदार्थ के साथ किया गया. प्रेस वार्ता में एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में कई काफी कुख्यात अपराधि हैं, जिनके विरूद्ध कई थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं,वहीं कई मामले में फरार भी चल रहे थे. ट्रक लूट गिरोह का लीडर बहेड़ा थाना अंतर्गत रमौली गांव के कृष्ण कुमार मिश्रा का पुत्र है, जो कि कुछ दिनों पहले ही जेल से बाहर आय़ा था, जेल में रहने के क्रम में उक्त अपराधी ने जेल के सेल में बद लोगों से रंगदारी की भी मांग किया करता था. जबकि अन्य अपराधि में कुंज बिहारी यादव के खिलाफ कई थानों में आर्म्स एक्ट व लूट के कई मामले दर्ज हैं.
वहीं सुधीर कुमार यादव कई मामलों में फरार चल रहा था उसके विरूद्ध कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार अपराधियों में नगर थाना क्षेत्र का मो. सौहैल, नेहरा ओपी क्षेत्र के नेहरा गांव का राजनारायण ठाकुर शामिल है. पुलिस गिरफ्त में आये अपराधियों ने बताया कि एनएच-57 सहित पूर्णिया, मुजफ्फरपुर और गोपालगंज में मालवाहक गाड़ियों को ओवरटेक कर रोकते थे उसके बाद चाकूबाजी व नशीले पदार्थ दे लूट कांड को अंजाम दिया करते थे.

