
अपराध की योजना बना रहे दो युवक हथियार के साथ गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के अलीनगर और कमतौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

अलीनगर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को इनपुट मिला कि बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा के अनुसार दिनेश यादव के पुत्र नीतीश कुमार यादव अपने साथियों के साथ किसी गंभीर आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर रविवार देर शाम अलीनगर गांव में छापेमारी की गई।
पुलिस की यह टीम जैसे ही घर पर पहुंची, दोनों युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा कर खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान नीतीश कुमार यादव और उसके छोटे भाई ज्योतिष कुमार यादव के घर से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। दोनों युवकों पर अपराध की साजिश रचने और अवैध हथियार रखने का गंभीर आरोप लगाया जा रहा है।

इस कार्रवाई में अलीनगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा, एसआई विकास कुमार मंडल, एएसआई गजेंद्र सिंह, एएसआई हरे राम, बीएचजी दिलखुश और महिला सिपाही पूजा कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से मिले मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनके पूर्व इतिहास व संभावित अपराधों की भी जांच की जाएगी।

