
वजूद खो रही ऐसी सड़कों पर पैदल चलना भी हो रहा मुश्किल। Voice of Darbhanga

दरभंगा। बलबीर चौधरी
केवंटी प्रखण्ड अंतर्गत हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 105 से असराहा तक जानेवाली खरंजाकरण सड़कें वजूद खोने के कगार पर हैं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढ़े होने के कारण यात्रा करने वाले लोग परेशानी का सामना कर रहे है।
वहीं विभाग व जनप्रतिनिधि उदासीन बना है। बड़े वाहनों का परिचालन जहां ठप हैं। वहीं रिक्शा या साइकिल व मोटरसाइकिल के अलावा पैदल चलना भी कष्टदायी बना हुआ है। मालूम हो कि करीब दस हजार आबादी वाले असराहा पंचायत के लोगों को प्रखंड मुख्यालय व सामुदायिक चिकित्सा केंद्र रनवे-केवटी आने के लिए यह एक मात्र सुगम रास्ता हैं और इसकी दूरी साढ़े पांच किमी हैं।
सड़क जर्जर रहने से लोगों को करीब ग्यारह किमी की दूरी तय कर खिरमा-पथरा बाजार होकर प्रखंड मुख्यालय व सामुदायिक चिकित्सा केंद्र रनवे-केवटी आना पड़ता है। इसके कारण लोगों को शारीरिक व आर्थिक एवं मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती हैं।
बाढ़ के समय में तो यह रास्ता बंद हो जाती है। मुखिया पति खुर्शीद आलम का कहना है कि सड़क जीर्णोद्धार के लिए कई बार क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। बावजूद इस दिशा में आज तक कोई पहल नहीं की गई हैं।
इसके कारण पंचायत के जनप्रतिनिधियों व लोगों में क्षोभ हैं। वहीं मो भोला, अब्दुल कैयूम अंसारी, शमशाद अहमद, एकरामुल हक, फसीउज्जमा आदि का कहना है कि जनहित में इस सड़क का जीर्णोद्धार आवश्यक है।

