
आश्चर्य! थानाध्यक्ष की विदाई में जनसैलाब और छलके आंसू। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सामान्यतया पुलिस वाले की छवि आमजनता के बीच डरावनी जैसी होती जा रही है और आम लोग खुद को पुलिस थानों से दूर रखना चाहते हैं। पर बुधवार की शाम जिले के विशनपुर थाना परिसर में जो दृश्य नजर आया, वह इस धारणा के बिल्कुल उलट दिखा। मौका था विशनपुर के निवर्तमान थानाध्यक्ष रूपक कुमार अम्बुज के विदाई समारोह का। इस विदाई समारोह में थाना एवं प्रखंड के पदाधिकारीगण के साथ स्थानीय नेता एवं प्रतिनिधि तो अच्छी संख्या में उपस्थित थे ही, आमलोगों की उपस्थिति से जो जनसैलाब उमड़ा वह उम्मीद के परे था। कुछ के तो आँख से आँसू छलक रहे थे। आँख में आंसू लिए एक ऐसे ही युवक अभिनव कुमार ने बताया कि श्री अम्बुज छोटे मोटे मामलो में लोगो को बिना मतलब केस मुकदमे में परेशान न कर के सामाजिक स्तर पर पहल करवाकर मामला आसानी से हल कर देते थे और यही उनसे लोगो के लगाव का ख़ास कारण था। थाना पर श्री अम्बुज के साथ उनके अन्य कर्मियों का भी व्यवहार इनके कार्यकाल में बेहतर रहा। थाने के एएसआई विनय शर्मा ने भी श्री अम्बुज को एक आदर्श पदाधिकारी बताया। हनुमाननगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी पंकज कुमार ने भी बेहतर भविष्य की शुभकामना दी। ज्ञात हो कि श्री अम्बुज का तबादला विशनपुर थाना से बेंता ओपी अध्यक्ष के पद पर हुआ है।

