गलत विपत्र देने पर कार्यपालक अभियंता पर होगी कारवाई : मुख्य सचिव

दरभंगा : राज्य के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने आज कहा कि बिना विद्युत आपूर्ति के बिल एवं गलत बिल देने वालों पर कठोर कारवाई की जायेगी और इसके लिए संबंधित जिला जहां ऐसी घटना होगी, वहां के कार्यपालक अभियंता पर भी कारवाई की जायेगी. वहीं विद्युत कम्पनी के सीएमडी प्रत्यय अमृत ने जानकारी दी कि अब अनुमंडल स्तर पर विद्युत विपत्र सुधार शिविर का आयोजन किया जा रहा है.
मुख्य सचिव आज विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिजली विभाग को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त एवं जिलाधिकारी के साथ समीक्षा कर रहे थे. इस अवसर पर उन्होंने विद्युत चोरी करने वालों पर छापामारी कर कारवाई का आदेश दिया. उन्होंने राज्य में बिजली आपूर्ति के एवज में राशि वसूली नहीं होने, पर चिंता जताई. वहीं समीक्षा में यह पाया गया कि दरभंगा जिला में विद्युत आपूर्ति के एवज में राशि की वसूली पूरे राज्य में सबसे बेहतर है. कार्यपालक अभियंता विद्युत ने जानकारी दी कि दरभंगा जिले में उपयोग किये जाने वाले विद्युत के हिसाब से बिलिंग की जाती है. यहां 82 प्रतिशत उपभोक्ताओं के मोबाईल नम्बर का भी निबंधन किया गया है. साथ ही सर्वाधिक विद्युत खपत वाले जगहों पर विशेष ध्यान दिया जाता है. मुख्य सचिव ने बताया कि मुंगेर जिला को राज्य का पहला वैसा जिला घोषित किया जायेगा, जहां सभी जगहों पर विद्युत आपूर्ति हेतु आधारभूत संरचना स्थापित की जा चुकी है. अधिकारिक रूप से दी गई जानकारी के अनुसार घर-घर बिजली योजना के लिए सभी जिलाधिकारियों को सर्वे का कार्य तेज करने का निदेश दिया गया है, ताकि बीपीएल परिवारों को बिजली कनेक्सन अविलम्ब उपलब्ध कराया जा सके. समीक्षा बैठक में दरभंगा के जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह ने जले हुए ट्रांसफार्मर को अविलम्ब बदलने का आग्रह किया. जिस पर सीएमडी ने तत्काल ट्रांसफर्मर बदलने का आदेश दिया. समीक्षा बैठक में आयुक्त आर.के. खंडेलवाल, जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, उप विकास आयुक्त विवेकानन्द झा, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, एनआईसी के अहमद हुसैन अंसारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

