Home Featured स्कूल क्लासरूम में फंदे पर लटका मिला युवक, हत्या का शक; परिजन सशंकित।
Featured - क्राइम - मुख्य - February 21, 2026

स्कूल क्लासरूम में फंदे पर लटका मिला युवक, हत्या का शक; परिजन सशंकित।

दरभंगा: नगर थाना क्षेत्र के इमलीघाट पुल के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय के क्लासरूम में शनिवार सुबह एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। स्कूल खुलते ही शिक्षकों व ग्रामीणों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया।

Advertisement

सूचना पाकर नगर थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डीएमसीएच के लिए पोस्टमार्टम भेज दिया।मृतक की पहचान गुल्लोबारा निवासी सूरज मंडल के 18 वर्षीय पुत्र भरत मंडल उर्फ हिमांशु के रूप में हुई। इलेक्ट्रिक डेकोरेशन का काम करने वाले हिमांशु के परिवार में दो भाई व दो बहनें हैं। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम वह दोस्तों संग घर से निकला था, लेकिन रातभर लौटा नहीं। फोन बंद आने पर खोजबीन की, मगर सुराग नहीं लगा।मृतक के जीजा सावन राय ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि शव पर कई जगह चोट के निशान हैं, जो आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का संकेत देते हैं। परिजनों की मांग पर पुलिस ने एफएसएल टीम बुलाई, जो घटनास्थल से साक्ष्य संग्रह कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय परिसर नशेड़ियों व असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका था।

Advertisement

आशंका है कि नशे के दौरान विवाद में हत्या कर शव ऊपरी तल्ले पर लटकाया गया। क्षेत्र में नशे की समस्या से पहले से असंतोष व्याप्त है।नगर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि घटनास्थल सील कर एफएसएल को बुलाया गया। प्रथम दृष्टया चोट के निशान संदिग्ध हैं।

Advertisement

पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट से ही सच्चाई खुलेगी। पुलिस हर कोण से जांच कर रही है।घटना से मृतक के घर मातम पसर गया। परिजन व ग्रामीण निष्पक्ष जांच व दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। स्कूल परिसर में ऐसी वारदात से अभिभावकों में भय का माहौल है।

Share