Home Featured आग से झुलसकर बुजुर्ग की मौत, घर जलकर राख।

आग से झुलसकर बुजुर्ग की मौत, घर जलकर राख।

दरभंगा: सोनकी थाना क्षेत्र के दोकली चट्टी वार्ड संख्या–11 में गुरुवार रात आग से झुलसकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान चंदर राम 70के रूप में हुई है। इस घटना में उनका पूरा घर भी जलकर खाक हो गया। आगलगी में कपड़े, अनाज, फर्नीचर सहित घर का सारा सामान नष्ट होने की बात कही जा रही है।

Advertisement

परिजनों के अनुसार रात में खाना खाने के बाद घर के सभी सदस्य सो गए थे। इसी दौरान चंदर राम घर में आग ताप रहे थे, तभी अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। बताया गया कि पड़ोस की एक महिला ने घर के भीतर आग की लपटें और बुजुर्ग को जलते हुए देखा, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर घर के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चंदर राम गंभीर रूप से झुलस चुके थे। परिजनों और ग्रामीणों ने आग बुझाने और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

Advertisement

मृतक के बेटे संजीत राम ने बताया कि उनके पिता आग ताप रहे थे, तभी कपड़ों में आग पकड़ ली। उन्होंने कहा कि यदि पड़ोस की महिला समय पर आग देखकर शोर नहीं मचाती, तो परिवार के अन्य सदस्य भी चपेट में आ सकते थे। उनके अनुसार परिवार बगल के कमरे में छोटे बच्चों के साथ सो रहा था और गहरी नींद में होने के कारण आग लगने का पता देर से चला। जब लोगों की नींद खुली, तब तक घर का बड़ा हिस्सा जल चुका था।

संजीत राम ने बताया कि परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इस घटना में उनके पिता की मौत के साथ घर का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने प्रशासन से सरकारी सहायता व मुआवजे की मांग की है, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।इधर, सोनकी थानाध्यक्ष प्रताप कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग में झुलसने से 70वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Share