
एक ही रात पांच घरों में 14 लाख की चोरी, गश्ती व्यवस्था पर उठे सवाल।
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के शंकरपुर पंचायत अंतर्गत विश्वनाथ पट्टी वार्ड नंबर 14 में बुधवार की रात चोरों ने कहर बरपाया। एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने कैश, सोने-चांदी के आभूषण और कीमती सामान समेत करीब 14 लाख रुपये की चोरी कर ली। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

कमरे की कुंडी लगाकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार गांव के लोग रात में अपने-अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने बाहर से कमरों की कुंडी लगाई और भीतर दाखिल होकर कीमती सामान समेट ले गए। सुबह जब परिजन उठे तो दरवाजे बाहर से बंद मिले और चोरी की वारदात का पता चला।

पांच घरों से लाखों का माल साफ
विरेंद्र प्रसाद के घर से सोने का हार, तीन जोड़ी झुमके, नथिया, चांदी के गहने और करीब दो लाख रुपये नकद, सुगंधा कुमारी के घर से सोने-चांदी के जेवरात व 25 हजार रुपये कैश, अधिक कुमार के आवास से 50 हजार रुपये नकद और चांदी के गहने, गीता देवी के घर से सोने के आभूषण, सपना देवी के घर से जेवरात और 190 रुपये तक चोर ले उड़े कुल मिलाकर लगभग 14 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हुई है।

आधी रात में जागे गृहस्वामी
पीड़ित विरेंद्र प्रसाद ने बताया कि रात करीब 3:30 बजे उनकी नींद खुली। जब उन्होंने दरवाजा खोलना चाहा तो बाहर से कुंडी लगी पाई। फोन कर अपने भाई को सूचित किया, तब तक चोर वारदात को अंजाम देकर भाग चुके थे।

पुलिस पर उठे सवाल
चोरी की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस की गश्ती प्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है।
पुलिस ने चला जांच अभियान
मामले की जानकारी मिलते ही सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार और दरोगा सतीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से बारीकी से पूछताछ की और आश्वासन दिया कि अपराधियों की जल्द ही पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

