
एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर मनीगाछी स्टेशन पर एमएसयू का धरना।
दरभंगा: मनीगाछी रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर मारवाड़ी छात्र संघ (एमएसयू) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एक दिवसीय धरना दिया। प्रखंड अध्यक्ष निखिलेश कुमार झा ‘नन्हें’ के नेतृत्व में आयोजित इस धरने का संचालन जिला संगठन मंत्री रणधीर कुमार ने किया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता आदित्य मंडल, महासचिव अशोक राय सहित कार्यकर्ताओं ने ठहराव के औचित्य पर जोर देते हुए कहा कि ट्रेनों के रुकावट न होने से सामान्य वर्ग के छात्रों को मासिक टिकट पर दरभंगा जाकर कोचिंग करनी पड़ती है, जबकि मरीजों को चिकित्सा के लिए लंबी दूरी तय कर आर्थिक बोझ उठाना पड़ता है। उन्होंने स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों की दैनिक संख्या का हवाला देकर इसे जनभावना से जोड़ा।धरने के बाद स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें रेलवे प्रशासन से सकारात्मक निर्णय न लेने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।

स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन का समर्थन किया। मौके पर संजीव झा, राकेश मिश्रा, बैजू माली, राजा मेहता, रामू राम, परमानंद यादव, अशोक सिंघानिया, अजय कुमार साहु, मो. सुभान, मुरारी मैथिली, अंकित झा आदि उपस्थित रहे।सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरपीएफ निरीक्षक पुखराज मीणा, विकास कुमार यादव, जीआरपी एसआई ललन कुमार राय, सौदागर पासवान सहित जवान तैनात थे।

