
एनडीए सम्मेलन में चौबे का हमला- कांग्रेस ने ही करवाई थी ललित बाबू की हत्या।।
दरभंगा: रविवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन जिले के दो स्थानों—केवटी विधानसभा के पिंडारूच बलुआहा मैदान और जाले विधानसभा के ब्रह्मपुर हाई स्कूल मैदान—में भारी उत्साह और जोश के बीच संपन्न हुआ। लगातार हो रही झमाझम बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश देखने लायक रहा। सिर पर कुर्सी रखकर भी लोग नेताओं का संबोधन सुनते रहे।

चौबे ने कांग्रेस पर साधा निशाना
सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि “ललित नारायण मिश्र की हत्या के पीछे कांग्रेस की साजिश थी और हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की और चुनावों में धांधली करके सत्ता हथियाई।

विपक्षी INDIA गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए चौबे ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा– “दिल्ली में बड़ा पप्पू, बिहार में छोटा पप्पू, यूपी का गप्पू और बंगाल का सप्पू… यही है विपक्ष की असली पहचान। जनता इन्हें पहचान चुकी है और आने वाले चुनाव में सबक जरूर सिखाएगी।”

प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाई उपलब्धियां
कार्यकर्ता सम्मेलन में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री सुमित कुमार सिंह एवं मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा समेत कई नेता मंच पर मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने भाषण की शुरुआत मैथिली भाषा में करते हुए जनता का अभिवादन किया। उन्होंने नीतीश कुमार और केंद्र सरकार की योजनाओं को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों को सशक्त बनाकर उन्हें “लखटकिया दीदी” बनाया गया है।
जायसवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “राजद व कांग्रेस ने महिलाओं को 2500 रुपए देने का झूठा वादा किया था, लेकिन नीतीश कुमार ने सीधे 10 हजार नकद महिलाओं के खाते में भेजकर वादाखिलाफी नहीं, बल्कि सशक्तिकरण किया है। आगे चलकर दो-दो लाख की राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी।”
उन्होंने याद दिलाया कि कभी लालू-राबड़ी राज में महिलाएं घर से निकलने से डरती थीं, जबकि आज वे पंचायत से लेकर पुलिस तक में भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में विधानसभा चुनावों में भी आधी सीटें महिलाओं को मिलेंगी।
महिलाओं और युवाओं की रही भारी मौजूदगी
सम्मेलन की सबसे बड़ी विशेषता रही महिलाओं की भारी मौजूदगी। बारिश में भी महिलाएं डटी रहीं और नेताओं का संबोधन सुनती रहीं। कुर्सियों को छाता बनाकर लोग अपनी जगह से हिले नहीं।
भविष्य की योजनाओं का ऐलान
जायसवाल ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब सीतामढ़ी जिले के पुनौरा धाम में माता जानकी मंदिर का निर्माण एक हजार करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इसे बिहार की अस्मिता और धार्मिक आस्था से जोड़ा।
मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि नीतीश सरकार की वजह से महिलाओं की भागीदारी समाज व राजनीति दोनों में बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि उच्च शिक्षा मात्र 10 रुपए में उपलब्ध कराई जा रही है, यदि पूरे देश में कहीं और इस दर पर शिक्षा मिल रही हो तो वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
भींग गए कार्यकर्ता, नहीं टूटा उत्साह
पिंडारूच और जाले दोनों ही जगह हजारों की भीड़ जुटी। बारिश के बावजूद मंच के सामने “मोदी-नीतीश जिंदाबाद” और “कांग्रेस मुर्दाबाद” के नारे गूंजते रहे। देर शाम तक कार्यकर्ताओं का उत्साह बना रहा।

