
एम्स संपर्क पथ: डीएम का भू-अर्जन तेज करने का सख्त निर्देश।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में शोभन-एकमीघाट पथ से दरभंगा एम्स को जोड़ने के लिए मार्ग रेखा परिवर्तन पर बैठक हुई। पथ प्रमंडल दरभंगा के तहत 10 किमी लंबे शोभन-एकमीघाट पथ के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण और एम्स तक 1 किमी 4-लेन पहुंच पथ के निर्माण पर चर्चा हुई।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पथ प्रमंडल), सहायक अभियंता और परामर्शी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अभियंता ने बताया कि 2 से 4-लेन रूपांतरण की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और संवेदक चयनित है।
डीएम ने भू-अर्जन में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। शोभन चौक के पास 400 मीटर एलाइनमेंट परिवर्तन पर सहमति बनी, क्योंकि एनएच-27 से 90 डिग्री संपर्क सुरक्षा के लिहाज से अयोग्य है। खिरोई नदी पर सड़क निर्माण से जंक्शन जटिलता बढ़ रही है।इस कनेक्टिविटी से समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सहरसा आदि जिलों को एम्स पहुंच आसान होगी और शहर का जाम कम होगा। एम्स के पास 800 मीटर एलिवेटेड सड़क के प्रस्ताव पर डीएम ने विभाग को भेजने के आदेश दिए।


