
एसएच-17 पर अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, हत्या की आशंका; पहचान के प्रयास तेज।
दरभंगा: जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-17 पर बलरा और सोनपुर के बीच गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रभाकर तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान के लिए पुलिस ने मृतक की तस्वीरें विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की हैं। साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचित कर लापता व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।घटनास्थल की प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के बारे में सुराग मिल सके।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक किस क्षेत्र का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।एसडीपीओ ने कहा कि घटना में जो भी लोग संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शव की पहचान होते ही जांच की दिशा और स्पष्ट होगी तथा दोषियों की गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

