
एसएसपी के निर्देश पर महिला थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी।
दरभंगा: एक माह से महिला थाना में लंबित मामले में आखिरकार एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। मनीगाछी थाना क्षेत्र निवासी एक पीड़िता ने बताया कि वह पिछले एक महीने से प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए महिला थाना का चक्कर काट रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही थी।पीड़िता ने एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी जलरेड्डी से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद मंगलवार की शाम महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।आवेदन में पीड़िता ने बताया कि वह वर्ष 2021 से मनीगाछी स्थित एक नर्सिंग होम में सहायक नर्स के रूप में कार्य कर रही थी।
वहीं काम करने वाला कम्पाउण्डर, मधुबनी जिले के लोकहा थाना क्षेत्र के नरही गांव निवासी जगरनाथ ठाकुर ने वर्ष 2023 में उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपी ने अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देते हुए लगातार शारीरिक शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। बाद में जबरन गर्भपात भी कराया गया और शादी का प्रलोभन देते हुए मामले को दबाने की कोशिश की गई।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी के परिवारजन और नर्सिंग होम संचालक ने भी कार्रवाई न करने और समझौते के लिए दबाव बनाया। लेकिन शादी की बात आने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। जब पीड़िता 22 जनवरी को आरोपी के घर पहुंची तो परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। 3 नवंबर को दोबारा पहुंचने पर उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया।महिला थाना प्रभारी कुमारी मधुबाला ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

